उत्तराखंड की प्रति व्यक्ति आय में 11.33% बढ़ोतरी का अनुमान
बजट से पहले नियोजन विभाग ने जारी किए आर्थिक सर्वे के महत्वपूर्ण आंकड़े
देहरादून।वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्तराखंड की प्रति व्यक्ति आय 2,74,064 रुपये होने का अनुमान है, जो कि 2023-24 की तुलना में 11.33 प्रतिशत अधिक है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में यह 2,46,178 रुपये अनुमानित थी। वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर वर्ष 2024-25 में प्रति व्यक्ति आय 2,00,162 रुपये रहने का अनुमान है, जो कि 2023-24 की तुलना में 8.7 प्रतिशत अधिक है। वर्ष 2023-24 में यह आंकड़ा 1,84,205 रुपये था।
शनिवार को मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रमुख सचिव डॉ. मीनाक्षी सुंदरम ने आर्थिक सर्वे के चुनिंदा आंकड़े पेश किए। उन्होंने बताया कि राज्य की अर्थव्यवस्था का आकार (प्रचलित भावों पर राज्य सकल घरेलू उत्पाद) वित्तीय वर्ष 2024-25 में 378.24 हजार करोड़ रुपये होने का अनुमान है। जबकि 2023-24 में यह 332.99 हजार करोड़ रुपये अनुमानित था, जो कि 13.59 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। वर्ष 2023-24 में यह वृद्धि दर 13.78 प्रतिशत थी।
वास्तविक सकल राज्य घरेलू उत्पाद (आधार वर्ष 2011-12) के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का आकार 217.82 हजार करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। जबकि 2023-24 में यह 204.32 हजार करोड़ रुपये था। वर्ष 2024-25 में राज्य की आर्थिक विकास दर 6.61 प्रतिशत अनुमानित है, जबकि 2023-24 में यह 7.83 प्रतिशत थी।
राष्ट्रीय स्तर पर वर्ष 2024-25 में देश की आर्थिक विकास दर 6.4 प्रतिशत अनुमानित है, जबकि 2023-24 में यह 8.2 प्रतिशत थी। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा यह आंकड़े जारी किए गए हैं।

