यूसीसी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में यूसीसी (समान नागरिक संहिता) के क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के दायित्वों और प्राप्त आवेदनों के निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित रजिस्ट्रार और उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने पास प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की स्थिति की प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को यूसीसी के तहत रजिस्ट्रार के कार्यों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में सुचारू क्रियान्वयन के लिए डीपीआरओ को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बैठक के दौरान बताया गया कि अब तक यूसीसी के तहत कुल 698 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 531 का निस्तारण कर लिया गया है और शेष पर कार्यवाही जारी है। जिलाधिकारी ने लंबित सभी आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, विकासनगर विनोद कुमार, डोईवाला अपर्णा ढौंडियाल, चकराता योगेश मेहर, ऋषिकेश स्मृता परमार, और नगर निगम से डॉ. अविनाश खन्ना मौजूद रहे। वहीं, नगर आयुक्त ऋषिकेश शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी कालसी गौरी प्रभात, नगर पालिका परिषद के ईओ और कैंट क्षेत्रों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

