एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 25 लाख कीमत की हेरोइन की बरामद, तस्कर किया गिरफ्तार
देहरादून।उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नशे के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने पुलभट्टा थाना पुलिस के साथ मिलकर एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 200 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 25 लाख रुपये आंकी जा रही है।
मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत भुल्लर के निर्देश पर पूरे उत्तराखंड में ड्रग तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सीओ एसटीएफ आर.बी. चमोला के निर्देशन में और प्रभारी निरीक्षक एम.पी. सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ टीम ने पुलभट्टा पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह और मोहम्मद हसन (फरार) बरेली से यह हेरोइन लेकर आए थे और सितारगंज में सप्लाई करने जा रहे थे। वह पिछले कई वर्षों से इस गोरखधंधे में लिप्त है और पेशे से दर्जी का काम करता है।
एसटीएफ जांच में सामने आया कि तसब्बर हुसैन के खिलाफ पहले भी मारपीट, आर्म्स एक्ट और गोकशी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और अन्य ड्रग्स तस्करों के खिलाफ अलग से कार्रवाई करेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी तरह के लालच में आकर नशा तस्करी न करें। यदि कोई व्यक्ति नशे के कारोबार में लिप्त है या इस तरह की गतिविधियों की जानकारी है तो तुरंत एसटीएफ या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।
एसटीएफ हेल्पलाइन: 0135-2656202, 9412029536

