देहरादून एलिवेटेड कॉरिडोर का कार्य जल्द शुरू हो, अन्य शहरों के लिए भी सुनियोजित योजना बने: मुख्यमंत्री
देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में देहरादून एलिवेटेड कॉरिडोर की बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिस्पना और बिंदाल कॉरिडोर का कार्य जल्द शुरू किया जाए। उन्होंने देहरादून एलिवेटेड कॉरिडोर को एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध करने और स्टेट सेक्टर से शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में तेजी से बढ़ रही आबादी, वाहनों की संख्या और पर्यटकों की वृद्धि को देखते हुए इस परियोजना को जल्द से जल्द पूरा किया जाना आवश्यक है।
रिस्पना नदी के तल पर 11 किलोमीटर और बिंदाल नदी के तल पर 15 किलोमीटर लंबे चार लेन एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण प्रस्तावित है। इस दौरान नदियों के अंदर स्थित जन सेवाओं, जैसे विद्युत लाइन, हाई टेंशन लाइन और सीवर लाइन का नदी से बाहर विस्थापन किया जाएगा। एलिवेटेड रोड के साथ दोनों किनारों पर रिटेनिंग वॉल, निर्माण कार्य और बाढ़ सुरक्षा उपाय भी किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के अन्य शहरों में भी आबादी और वाहनों की वृद्धि को ध्यान में रखते हुए सुनियोजित विकास योजनाओं पर काम किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य में हो रहे विकास कार्यों का असर धरातल पर दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने आगामी नंदा राजजात यात्रा की तैयारियों को भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देशित किया कि यूआईआईडीबी, देहरादून एलिवेटेड रोड, गढ़वाल और कुमाऊं की कनेक्टिविटी परियोजनाओं, मानसखंड मंदिर माला मिशन और नंदा राजजात की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाए। मुख्यमंत्री स्वयं भी इन परियोजनाओं की समय-समय पर समीक्षा करेंगे।
बैठक में राज्य अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष श्री विश्वास डाबर, मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव श्री आर. के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक श्री धनंजय मोहन, सचिव श्री शैलेश बगोली, श्री नितेश झा, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, श्री वी. षणमुगम, श्री एस.एन. पांडेय, डॉ. आर. राजेश कुमार, श्री रणवीर सिंह चौहान, जिलाधिकारी देहरादून श्री सविन बंसल, उपाध्यक्ष एमडीडीए श्री बंशीधर तिवारी, एसएसपी देहरादून श्री अजय सिंह, नगर आयुक्त श्रीमती नमामि बंसल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

