विधानसभा सत्र के दौरान रूट/डाइवर्ट प्लान, परीक्षार्थियों के लिए विशेष कंट्रोल रूम नंबर जारी
देहरादून में आयोजित होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। वहीं, बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए अलग से कंट्रोल रूम नंबर 7579278154 जारी किया गया है।
विधानसभा सत्र के दौरान निम्न बैरियर स्थलों पर आने वाले जुलूसों को रोका जाएगा:
- प्रगति विहार बैरियर
- शास्त्री नगर बैरियर
- बाईपास बैरियर
- डिफेंस कॉलोनी बैरियर
- विधानसभा तिराहा बैरियर
सत्र के दौरान सभी भारी वाहनों को कारगी चौक और डोईवाला से दूधली रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, रिस्पना क्षेत्र में यातायात का दबाव अधिक होने पर भारी वाहनों को आंशिक रूप से लालतप्पड़, हर्रावाला और नयागांव पर रोका जाएगा।
देहरादून से हरिद्वार, ऋषिकेश, टिहरी और चमोली जाने वाले वाहनों को नेहरू कॉलोनी और फव्वारा चौक से पुलिया नंबर 06 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। धर्मपुर चौक से आईएसबीटी जाने वाला यातायात माता मंदिर रोड होते हुए पुरानी बाईपास चौकी से आईएसबीटी की ओर भेजा जाएगा। मोहकमपुर से मसूरी जाने वाले वाहन जोगीवाला से रिंग रोड, लाडपुर, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और आईटी पार्क होते हुए मसूरी मार्ग की ओर भेजे जाएंगे।
मोहकमपुर से देहरादून शहर आने वाले वाहनों को विधानसभा तिराहा, रिस्पना और पुरानी बाईपास चौकी होते हुए धर्मपुर-ईसी रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
अनुमति प्राप्त प्रत्येक जुलूस केवल हिम पैलेस होटल से प्रस्थान करेगा और उनके वाहन रेसकोर्स गुरुनानक ग्राउंड में पार्क किए जाएंगे। हिम पैलेस होटल से प्रगति विहार बैरियर की ओर जुलूस निकलने पर रिस्पना से देहरादून शहर की ओर आने वाले वाहनों को हरिद्वार बाईपास से पुरानी बाईपास चौकी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
यदि यातायात का दबाव अधिक होता है, तो डोईवाला से देहरादून आने वाली सिटी बसों को कैलाश अस्पताल से यू-टर्न कर वापस डोईवाला भेजा जाएगा। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार अन्य मार्गों पर भी यातायात डायवर्ट किया जा सकता है या सामान्य किया जा सकता है।
शहर के स्कूलों में अध्ययनरत परीक्षार्थियों को किसी भी दशा में रोका नहीं जाएगा। अभिभावकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने बच्चों को परीक्षा केंद्र के लिए समय से रवाना करें और यथासंभव लिंक मार्गों का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें।
विधानसभा सत्र के दौरान यदि किसी परीक्षार्थी को यातायात संबंधी कोई समस्या होती है, तो वे कंट्रोल रूम नंबर 112 या यातायात कंट्रोल रूम नंबर 7579278154 पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस द्वारा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

