उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही सरकार: मुख्यमंत्री
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बजट सत्र की शुरुआत में माननीय राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में राज्य के विकास से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं का उल्लेख किया है। राज्य सरकार इन लक्ष्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है, और राज्य की विकास यात्रा को अनवरत जारी रखने के लिए बजट में आवश्यक प्रावधान किए जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प को दोहराया, जिसमें उन्होंने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में अहम भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर दृष्टि से उत्तराखंड को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इसके अलावा, उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना जिसने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की। नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखंड को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, और बेरोजगारी दर में 4.4% की कमी आई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड द्वारा लिए जा रहे ऐतिहासिक निर्णय अन्य राज्यों के लिए भी एक आदर्श उदाहरण बन रहे हैं। राज्य सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड को भारत का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाया जाए।
सदन की कार्यवाही को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करेगी और पक्ष-विपक्ष सभी को मिलकर सदन को सही तरीके से चलाना होगा, क्योंकि यह सभी की जिम्मेदारी है।

