आदि कैलाश यात्रा को सुगम बनाने हेतु जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
पिथौरागढ़।आगामी आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा के सुचारू संचालन के लिए जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यटकों और आगंतुकों के लिए ईनर लाइन परमिट जारी करने और यात्रा को सुरक्षित बनाने के संबंध में चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परमिट पास को पूर्व की तरह ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से निर्गत किया जाए। उन्होंने यात्रा मार्ग पर शौचालय, पेयजल और विद्युत व्यवस्था को सुधारने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। साथ ही, उन्होंने यात्रा की तिथि को पूर्व वर्ष की निर्धारित तिथि से 15-20 दिन पहले करने की बात कही।
धारचूला क्षेत्र की केयरिंग कैपेसिटी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक यात्रियों को पिथौरागढ़ मुख्यालय में ठहराया जाए, जिससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिल सके और आर्थिक गतिविधियों को गति मिले। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस सत्यापन को लोकल स्तर पर ही पूरा कराने का सुझाव दिया गया।
यात्रा मार्ग पर बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने एक सर्वे टीम गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आदेश दिया कि यात्रियों का फिटनेस चेकअप अनिवार्य रूप से किया जाए और जौलीकांग व गूंजी में एक-एक चिकित्सक तथा गूंजी में एक एंबुलेंस की तैनाती की जाए। यात्रा मार्ग में सभी आवश्यक स्थानों और टैक्सियों में ऑक्सीजन सिलेंडर और जरूरी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने का भी निर्देश दिया गया।
इसके अलावा, गाइडों को प्राथमिक स्वास्थ्य उपचार की ट्रेनिंग दिलाने और आर्मी, एसएसबी व आईटीबीपी के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि यात्रियों को समय पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जीवन रक्षक संसाधनों की कमी के कारण किसी भी यात्री की मृत्यु नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि होली के बाद एक और बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें एआरटीओ, एसडीएम धारचूला, नगर पंचायत सहित यात्रा से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर्स की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, उपजिलाधिकारी धारचूला मंजीत सिंह, डीडीओ रमा गोस्वामी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी जयराज सिंह नबियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

