आंवलाघाट पुल निर्माण कार्य को लेकर जिलाधिकारी ने बुलाई बैठक
पिथौरागढ़।जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में आंवलाघाट पुल के शीघ्र निर्माण और गौरंगघाटी में विकास कार्यों को लेकर कलेक्ट्रेट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम जजराली कृषि और बागवानी के उत्पादन की दृष्टि से समृद्ध क्षेत्र है। आंवलाघाट पुल के निर्माण से न केवल स्थानीय जनता को यातायात में सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में भी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाए।
इसके साथ ही, जिलाधिकारी ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र पिथौरागढ़ को क्षेत्र में फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री को बढ़ावा देने का सुझाव दिया।
बैठक में डीडीओ रमा गोस्वामी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र कविता भगत और पुल निर्माण से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

