कांग्रेस विधायक पर लगाए आरोप साबित करें या माफी मांगे प्रेमचंद अग्रवाल : गरिमा मेहरा दसौनी

कांग्रेस विधायक पर लगाए आरोप साबित करें या माफी मांगे प्रेमचंद अग्रवाल : गरिमा मेहरा दसौनी
Spread the love

देहरादून।विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट पर संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा लगाए गए अमर्यादित आरोपों को लेकर कांग्रेस नेत्री गरिमा मेहरा दसौनी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल को अपने शब्दों का चयन सोच-समझकर करना चाहिए, क्योंकि किसी की प्रतिष्ठा बनाने में पूरा जीवन लग जाता है, जबकि चरित्र हनन करने में मात्र एक क्षण लगता है।

दसौनी ने प्रेमचंद अग्रवाल को उनके पुराने कृत्यों की याद दिलाते हुए कहा कि जब वे विधानसभा अध्यक्ष थे, तब उन्होंने सरेआम अपने गनर और ड्राइवर के साथ मिलकर आरएसएस के एक व्यक्ति को चौराहे पर पीटा था। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह एक जनप्रतिनिधि का आचरण था और क्या अग्रवाल ने इस घटना के लिए जनता से माफी मांगी?

कांग्रेस नेत्री ने कहा कि सरकार सत्र की अवधि नहीं बढ़ाना चाहती, जबकि जनता चाहती है कि उनके चुने गए विधायक विधानसभा में उनके क्षेत्रीय और प्रादेशिक मुद्दों को उठाएं। उन्होंने कहा कि विपक्षी विधायकों के सवालों के जवाब न होने पर सरकार उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रही है, जो न केवल निराधार बल्कि अस्वीकार्य भी है।

गरिमा मेहरा दसौनी ने मांग की कि प्रेमचंद अग्रवाल या तो अपने आरोपों को साबित करें या फिर सार्वजनिक रूप से विधायक मदन सिंह बिष्ट और कांग्रेस से माफी मांगे।

देवभूमि खबर

Related articles