हरिद्वार पुलिस ने 48 घंटे के भीतर ब्लाइंड मर्डर केस का किया खुलासा,3 गिरफ्तार ,2 फरार
हरिद्वार। पुलिस ने एक बार फिर अपने तेजतर्रार अनुसंधान और टीम वर्क का परिचय देते हुए एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य षडयंत्रकर्ता सहित कुल 03 हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 02 अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। हरिद्वार पुलिस की इस उपलब्धि पर आईजी रेंज ने ₹15000 और एसएसपी हरिद्वार ने ₹5000 के इनाम की घोषणा की है।
दिनांक 20 फरवरी 2025 की तड़के मंगलौर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम झबीरण जट स्थित श्मशान घाट के पास एक युवक का खून से सना शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान अंकित (26 वर्ष) पुत्र सहंसरपाल निवासी ग्राम झबीरण, मंगलौर के रूप में की। जांच में पता चला कि मृतक पहले कपिल हत्याकांड में जेल जा चुका था और हाल ही में जमानत पर छूटा था।
हत्या की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, सीओ मंगलौर विवेक कुमार और अन्य अधिकारियों संग घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर फील्ड यूनिट हरिद्वार को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए। इसके बाद कप्तान डोबाल ने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम का गठन किया और सीआईयू रुड़की को टेक्निकल सपोर्ट के लिए नियुक्त किया।
जांच में सामने आया कि मृतक अंकित को कपिल हत्याकांड में मंगलौर पुलिस ने जेल भेजा था। कपिल के पिता संजय सैनी अपने बेटे की हत्या का बदला लेना चाहता था। इसके लिए उसने दीपांशु, विकास, अमन और रोहित नामक युवकों से ₹4 लाख में हत्या की सुपारी तय की और एडवांस के तौर पर ₹4000 दिए।
योजना के तहत आरोपियों ने अंकित को पहले नशे में धुत किया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वे उसे मृत समझकर फरार हो गए।
पुलिस टीम ने तेजी से जांच आगे बढ़ाई और डिजिटल साक्ष्य व स्थानीय मुखबिरों के इनपुट के आधार पर 21 फरवरी 2025 को तीन आरोपियों—संजय सैनी, दीपांशु और विकास कुमार उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी व उनका आपराधिक इतिहास
- विकास कुमार उर्फ विक्की (निवासी ग्राम कुरडी, मंगलौर) – इस पर पहले से ही चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
- दीपांशु (निवासी देवबंद, सहारनपुर) – पांचवीं पास।
- संजय सैनी (निवासी ग्राम कुरडी, मंगलौर) – 12वीं पास, हत्या का मुख्य षड्यंत्रकर्ता।
घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने कहा कि हत्या के इस मामले में मंगलौर पुलिस ने बेहद कम समय में शानदार कार्य किया है। पूरी टीम बधाई की पात्र है।

