सेलाकुई ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का दून पुलिस ने किया खुलासा
देहरादून – सेलाकुई क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में घायल मिले युवक की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना सेलाकुई पुलिस और एसओजी की टीम ने इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दिनांक 14 फरवरी 2025 को वादी विनोद पाल निवासी हरिपुर, सेलाकुई ने अपने पुत्र मोहित पाल पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल करने की शिकायत दर्ज कराई थी। इलाज के दौरान 19 फरवरी को मोहित की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर आई गंभीर चोटों को देखकर मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिसके बाद एसएसपी देहरादून ने घटना की गहन जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने इलाके में पूछताछ और स्थानीय मुखबिरों की मदद से सुराग जुटाने शुरू किए। जांच में पता चला कि मृतक मोहित पाल का विजय उर्फ नीतू नामक व्यक्ति से अक्सर विवाद होता था। पुलिस ने शक के आधार पर विजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में विजय ने बताया कि वह ड्राइवर है और वारदात की रात मोहित पाल के साथ बैठकर नशा कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई, जो झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर विजय ने मोहित के सिर पर डंडे से वार कर दिया। घायल मोहित भागकर पास के ही एक मकान की छत पर चला गया, लेकिन विजय ने पीछा करते हुए उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। वारदात के बाद विजय ने मोहित को हरिपुर रोशन फार्मा के पास छोड़ दिया और फरार हो गया।
पुलिस ने विजय को 52 बीघा मैदान हरिपुर, सेलाकुई से गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

