चारधाम यात्रा 2025: स्वास्थ्य धाम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य, 50 वर्ष से अधिक उम्र के श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य प्रोफाइल करना होगा अपलोड

चारधाम यात्रा 2025: स्वास्थ्य धाम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य, 50 वर्ष से अधिक उम्र के श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य प्रोफाइल करना होगा अपलोड
Spread the love

देहरादून। राज्य सरकार ने आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि इस बार “स्वास्थ्य धाम पोर्टल” पर सभी श्रद्धालुओं का पंजीकरण अनिवार्य होगा, जबकि 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य प्रोफाइल अपलोड करना आवश्यक होगा। इसके अलावा, यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य मित्रों की नियुक्ति, महानिदेशालय में कंट्रोल रूम की स्थापना और होटल-ढाबों पर स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने यात्रा की सफल एवं सुरक्षित व्यवस्था के लिए अधिकारियों को समय पर पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में, सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग डॉ. आर राजेश कुमार ने एक महत्वपूर्ण बैठक में स्वास्थ्य इंतजामों को लेकर विस्तृत चर्चा की और संबंधित विभागों को अपनी तैयारियाँ समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

इस वर्ष चारधाम यात्रा मार्ग पर 26 मेडिकल रेस्पॉन्स प्वाइंट (एमआरपी) और 50 स्क्रीनिंग पाइन्ट्स की व्यवस्था की गई है। बढ़ती संख्या को देखते हुए एमआरपी की संख्या बढ़ाने और स्क्रीनिंग पाइन्ट्स के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है।

श्रीनगर मेडिकल कॉलेज की सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। मेडिकल अफसरों की ड्यूटी रोटेशन के आधार पर निर्धारित की जाएगी। उच्च ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रशिक्षण दून और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के मास्टर ट्रेनर्स द्वारा दिया जाएगा।

स्वास्थ्य धाम पोर्टल पर सभी श्रद्धालुओं का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है। 50 वर्ष से अधिक उम्र के यात्रियों को अपनी स्वास्थ्य प्रोफाइल अपलोड करनी होगी। RFID-Band और GIO Tracking सिस्टम के माध्यम से उच्च जोखिम वाले यात्रियों की निगरानी की जाएगी।

केदारनाथ और बद्रीनाथ के लिए पर्यटन विभाग द्वारा जारी धनराशि की उपयोगिता प्रमाणपत्र (UC) शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। केदारनाथ में नवनिर्मित चिकित्सालय में आवश्यक उपकरणों और फर्नीचर की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

बस स्टॉप, होटल और अन्य प्रमुख स्थानों पर स्वास्थ्य एडवाइजरी फ्लेक्स एवं बैनर लगाए जाएंगे। प्रत्येक जिले में मुख्य चिकित्साधिकारी के संपर्क नंबर और स्वास्थ्य केंद्रों का विवरण भी उपलब्ध कराया जाएगा।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सहायता प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य मित्रों की नियुक्ति की जाएगी। ये स्वास्थ्य मित्र कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर तैनात किए जाएंगे।

चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी के लिए महानिदेशालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। यह कंट्रोल रूम यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं का नियमित निरीक्षण करेगा।

सभी होटल और ढाबों को स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। होटल और भोजनालयों में स्वास्थ्य से जुड़ी एडवाइजरी और सुरक्षा उपायों को लागू करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने बैठक के समापन पर अधिकारियों को निर्देशित किया कि चारधाम यात्रा के दौरान सभी स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हों और यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

देवभूमि खबर

Related articles