एसएसपी देहरादून ने बल्लीवाला फ्लाईओवर का किया संयुक्त निरीक्षण, सड़क सुरक्षा को लेकर दिए महत्वपूर्ण निर्देश

एसएसपी देहरादून ने बल्लीवाला फ्लाईओवर का किया संयुक्त निरीक्षण, सड़क सुरक्षा को लेकर दिए महत्वपूर्ण निर्देश
Spread the love

देहरादून। बल्लीवाला फ्लाईओवर पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और पूर्व में उठाए गए सुधारात्मक कदमों की समीक्षा के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया। मई 2024 में हुए निरीक्षण के बाद से यहां किसी भी दुर्घटना की सूचना नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एसएसपी ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए।

निरीक्षण में एसएसपी देहरादून के साथ एनएच डोईवाला, एमडीडीए, नगर निगम, विद्युत विभाग और वन विभाग के अधिकारी शामिल रहे। इस दौरान फ्लाईओवर की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। एसएसपी ने निर्देश दिया कि स्पीड ब्रेकरों पर सही तरीके से रोड मार्किंग की जाए, कमला पैलेस की ओर सोलर स्टड और रंबल स्ट्रिप लगाए जाएं, क्षतिग्रस्त स्प्रिंग पोस्ट बदले जाएं और उन पर रिफ्लेक्टर टेप लगाई जाए ताकि रात के समय उचित प्रकाश व्यवस्था बनी रहे।

फ्लाईओवर के दोनों छोरों पर 50 मीटर तक स्प्रिंग पोस्ट की जगह कंक्रीट मीडियन बैरियर लगाने, तीव्र मोड़ पर बैरियरों की ऊंचाई कम करने, सफेद पट्टी की मरम्मत करने और स्पीड ब्रेकर की जगह कैट आई लगाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही, कमलेश्वर महादेव मंदिर के सामने पेड़ों की छंटाई करने को कहा गया, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम कर अधीक्षक राहुल कैन्थोला, एसडीओ यूपीसीएल विनय कुमार सिंह, सहायक अभियंता एनएच डोईवाला अनिल बिष्ट, एमडीडीए ट्रांसपोर्ट एंड टाउन प्लानर राहुल कपूर, क्षेत्राधिकारी यातायात जगदीश पंत, डिप्टी रेंजर वन विभाग सुरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles