जब तक त्यूणी हनोल में टावर नहीं, तब तक अन्यत्र टेलीकॉम कंपनियों को अनुमति नहीं

जब तक त्यूणी हनोल में टावर नहीं, तब तक अन्यत्र टेलीकॉम कंपनियों को अनुमति नहीं
Spread the love

देहरादून।जिलाधिकारी सविन बंसल ने त्यूणी हनोल एवं नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में टेलीकॉम कंपनियों से मोबाइल टावर स्थापित कराने की कवायद शुरू कर दी है। प्रतिदिन महासू महाराज मंदिर में दर्शन हेतु हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाहरी राज्यों एवं अन्य देशों से पहुंचते हैं, लेकिन नेटवर्क सुविधा के अभाव में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को संचार में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हनोल दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने उनसे नेटवर्क समस्या को लेकर टावर लगवाने की मांग की। मुख्यमंत्री ने इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर इस समस्या के समाधान के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि जो टेलीकॉम कंपनियां त्यूणी हनोल और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में मोबाइल टावर लगाएंगी, केवल उन्हीं को जनपद के अन्य क्षेत्रों में टावर लगाने की अनुमति दी जाएगी। उनके इस निर्णय से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है।

मुख्यमंत्री की प्रेरणा से डीएम बंसल जल्द ही हनोल महासू महाराज मंदिर परिसर में मास्टर प्लान को लेकर स्थानिकों और रेखीय विभागों की बैठक करेंगे। उन्होंने उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा को बैठक की तैयारियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा, जिलाधिकारी मार्च माह में त्यूणी में रात्रि विश्राम करेंगे और इस दौरान बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन कर जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेंगे।

देवभूमि खबर

Related articles