दून पुलिस ने बसंत विहार चोरी कांड का किया खुलासा, पुलिस ने वादी द्वारा बताए गए माल से कई गुना अधिक किया बरामद

दून पुलिस ने बसंत विहार चोरी कांड का किया खुलासा, पुलिस ने वादी द्वारा बताए गए माल से कई गुना अधिक किया बरामद
Spread the love

देहरादून । बसंत विहार क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 19 लाख रुपये मूल्य के आभूषण, कीमती सामान और नगदी बरामद की है, जो वादी द्वारा बताई गई चोरी की संपत्ति से कई गुना अधिक है।

मुख्य आरोपी अंकित नगर निगम में सफाई कर्मचारी है। उसने पार्क की सफाई के दौरान वादी को परिवार सहित घर से बाहर जाते देखा और अपने साथी सूरज साहनी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। 21 फरवरी 2025 को वादी अक्षय कपिल अपने परिवार के साथ रुड़की गए थे, इस दौरान आरोपियों ने घर की खिड़की की ग्रिल और जाली तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। पकड़े जाने के डर से चोरी का माल चाय बागान के पास एक खंडहर में छिपा दिया। 25 फरवरी को आरोपी माल बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

चोरी की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने 35 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पुराने अपराधियों की सूची तैयार कर सत्यापन किया। मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया गया। बरामद सामान में चोरी की गई ज्वैलरी, अलग-अलग धातुओं की मूर्तियां, यासिका कंपनी का कैमरा, सफेद-पीली धातु के बर्तन (प्लेट, चम्मच व अन्य सामान) और नगदी 12,000 रुपये शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 19 लाख रुपये है।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में पहला सूरज साहनी पुत्र सिताई मुखिया, निवासी शास्त्रीनगर खाला, थाना बसंत विहार, देहरादून, उम्र 20 वर्ष और दूसरा अंकित पुत्र स्वर्गीय अमरपाल, निवासी शास्त्रीनगर खाला, थाना बसंत विहार, देहरादून, उम्र 23 वर्ष है। सूरज साहनी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना डालनवाला और क्लेमनटाउन में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा, 2024 में थाना बसंत विहार में भी उसके खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बताया कि यह दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और जल्दबाजी में वादी द्वारा बताए गए नुकसान से कई गुना अधिक चोरी का माल बरामद किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है, और पुलिस अन्य संभावित संलिप्त आरोपियों की तलाश में जुटी है।

देवभूमि खबर

Related articles