कांग्रेस की ज़ूम बैठक में भाजपा सरकार की नीतियों पर हमला, संगठन को मजबूत करने पर जोर
देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विरोध और पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जिला एवं महानगर अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण ज़ूम बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तराखंड सह-प्रभारी एवं विधायक परगट सिंह, राष्ट्रीय सचिव एवं सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित कई दिग्गज नेता शामिल हुए और संगठन को सशक्त बनाने के लिए सुझाव दिए।
बैठक में करन माहरा ने कहा कि नगर निगम चुनावों में जानबूझकर वोट काटे गए, जिसे लेकर सूचना के अधिकार (RTI) के माध्यम से जानकारी मांगी जाएगी, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए।
करन माहरा ने घोषणा की कि 21 और 22 मार्च 2025 को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के “मेरा वोट, मेरा अधिकार” ट्रेनर सचिन राव विशेष रूप से मार्गदर्शन देंगे।
उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता (UCC) सिर्फ जनता को गुमराह करने का तरीका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लिव-इन रिलेशनशिप जैसे मुद्दों को शामिल कर देवभूमि की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी विधायक परगट सिंह ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अभी से तैयारियां शुरू करनी होंगी। उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस के पास कई मुद्दे हैं, जैसे – वोटर लिस्ट में गड़बड़ी, लिव-इन रिलेशन, भू-कानून, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, पेपर लीक और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध। उन्होंने कहा कि जनता के बीच संवाद बढ़ाने की जरूरत है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस सर्वधर्म समभाव में विश्वास रखती है और हमेशा गरीबों, अल्पसंख्यकों और असहाय लोगों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर चुनावों में धनबल और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि भाजपा धनबल के माध्यम से चुनाव जीतने का प्रयास कर रही है, जिसका कांग्रेस को कड़ा विरोध करना चाहिए।
पूर्व सचिव प्रकाश जोशी ने सुझाव दिया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी को एक स्पष्ट एजेंडा तैयार करना चाहिए, जिसे जिला, महानगर और ब्लॉक अध्यक्षों को सौंपा जाए।
प्रदेश अध्यक्ष के सलाहकार अमरजीत सिंह, पिथौरागढ़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजू लुण्ठी, चंपावत के पूरन कठैत, बागेश्वर के भगवत सिंह डसीला, अल्मोड़ा के भूपेंद्र सिंह भोज, नैनीताल के राहुल छिम्वाल, हरिद्वार के अमन गर्ग, देहरादून महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, ऋषिकेश महानगर के राकेश सिंह, टिहरी के राकेश राणा, पौड़ी के विनोद नेगी सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल हुए और अपने सुझाव रखे।
करन माहरा ने निर्देश दिए कि प्रत्येक माह जिला एवं ब्लॉक स्तर पर बैठक के लिए एक निश्चित दिन तय किया जाए और उसकी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को अनिवार्य रूप से भेजी जाए।
बैठक में तय किया गया कि प्रदेशभर में भाजपा सरकार के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा, जिससे जनता को उनकी नीतियों की सच्चाई बताई जा सके।


