देहरादून। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत उत्तराखंड को वित्तीय वर्ष 2024-25 की चौथी किश्त के रूप में 293.75 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई। प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
अब तक इस वित्तीय वर्ष में भारत सरकार द्वारा कुल 865.49 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। इसके साथ ही राज्य सरकार के विशेष अनुरोध पर PMGSY-III के अंतर्गत 40.77 करोड़ रुपये की लागत से 09 मिसिंग सेतुओं (पुलों) के निर्माण को भी मंजूरी दी गई।
इन पुलों की कुल लागत ₹40.77 करोड़ होगी, जिसमें से ₹36.69 करोड़ केंद्र सरकार और ₹4.08 करोड़ राज्य सरकार वहन करेगी। इन पुलों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और विकास को नई गति मिलेगी।
इसके अतिरिक्त, लंबित सड़क परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के लिए राज्य सरकार ने 46.64 करोड़ रुपये की राशि अवमुक्त की है। ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि इस सहयोग से उत्तराखंड में सड़क और पुल निर्माण को और मजबूती मिलेगी, जिससे ग्रामीण जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

