हरिद्वार में डीपीटी व एचपीवी टीकाकरण पर जोर, डीएम ने समन्वय के साथ अभियान तेज करने के दिए निर्देश

हरिद्वार में डीपीटी व एचपीवी टीकाकरण पर जोर, डीएम ने समन्वय के साथ अभियान तेज करने के दिए निर्देश
Spread the love

हरिद्वार । डीपीटी (DPT) और एचपीवी (HPV) टीकाकरण के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि डीपीटी टीका बच्चों को डिप्थीरिया, काली खांसी और टिटनेस जैसी गंभीर बीमारियों से बचाता है। वहीं एचपीवी वैक्सीन किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह टीका विशेष रूप से 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए अत्यंत लाभकारी है।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए टीकाकरण अभियान को तेज किया जाए और अधिक से अधिक लोगों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों और बालिकाओं को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी और विद्यालयों में चल रहे टीकाकरण सत्रों में अवश्य ले जाएं।

बैठक में जनजागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस अभियान में सहयोग करें और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी भी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles