HTML tutorial
HTML tutorial

खटीमा तहसील दिवस में 92 शिकायतें दर्ज, 22 का मौके पर निस्तारण—जिलाधिकारी ने समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

खटीमा तहसील दिवस में 92 शिकायतें दर्ज, 22 का मौके पर निस्तारण—जिलाधिकारी ने समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश
Spread the love

खटीमा। मंगलवार को विकास खण्ड सभागार खटीमा में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और संवेदनशील निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतों को शांत मन से सुनें और निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान उसी स्तर पर किया जाए जहां वे उत्पन्न होती हैं, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।

तहसील दिवस में सड़क, नाली निर्माण, हैंडपंप, शिक्षा, आधार कार्ड, राशन कार्ड, पानी, बिजली और भूमि से संबंधित कुल 92 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 22 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अलावा 40 समस्याओं को विभिन्न योजनाओं में शामिल करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि बिना अनुमति सड़क खोदने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आई समस्याओं पर भी सुनवाई हुई। भूमि स्वामित्व, नालों से अतिक्रमण हटाने, जलभराव, नाली निर्माण, अवैध रास्ते रोकने, पेयजल व्यवस्था, विद्यालयों में सुविधाएं बढ़ाने तथा सस्ता गल्ला विक्रेता से जुड़ी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चन्द्र जोशी, ब्लांक प्रमुख सरिता राणा, सांसद प्रतिनिधि रविन्द्र सिंह राणा, दर्जा मंत्री राजपाल सिंह, सतीश भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ0 केके अग्रवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ0 आशुतोष जोशी, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई सुशील कुमार,जलसंस्थान अजय कुमार ,तहसीलदार बीरेन्द्र सजवान, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदिनी तोमर,सहायक निदेशक दुग्ध राजेन्द्र सिंह चैहान, खण्ड शिक्षा अधिकारी भानू प्रताप, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत जीएस भट्ट, खण्ड विकास अधिकारी संजय कुमार गांधी सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र व जिला पंचायत सदस्य आदि उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles