एसटीएफ का “ऑपरेशन प्रहार” : साइबर क्राइम में 6 अभियुक्तों की गिरफ्तारी
देहरादून।एसटीएफ उत्तराखण्ड की साइबर क्राईम पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट स्कैम और धोखाधड़ी के तीन मामलों में दक्षिण भारत के तीन राज्यों और एक केन्द्र शासित प्रदेश में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इन अभियुक्तों के खिलाफ उत्तराखण्ड सहित अन्य राज्यों में भी साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज की गई हैं।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी और पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ के दिशा-निर्देशों के तहत साइबर धोखाधड़ी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ ने इन मामलों में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जानकारी प्राप्त करने के लिए संबंधित बैंकों और सेवा प्रदाताओं से डेटा जुटाया, जिसके आधार पर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
एसटीएफ ने बताया कि ‘डिजिटल हाउस अरेस्ट’ एक नया तरीका है जिसमें साइबर अपराधी पीड़ितों को डर दिखाकर उनसे पैसे वसूलते हैं। इन अपराधियों ने सीबीआई, नारकोटिक्स डिपार्टमेंट जैसे सरकारी अफसरों के नाम से लोगों को धोखा दिया।
एसटीएफ ने जनता से अपील की है कि वे इस तरह की धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज की सूचना तुरंत साइबर क्राइम पुलिस को दें।
