HTML tutorial
HTML tutorial

मंगलौर में मुख्यमंत्री धामी की घोषणाओं की सौगात, लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज का होगा नवनिर्माण

Spread the love

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को जनपद हरिद्वार के मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण, नारसन खुर्द में नाले की सफाई एवं पक्के नाले के निर्माण सहित छह विकास कार्यों को स्वीकृति देने की घोषणा की। वहीं किसानों की मांग पर गन्ना मूल्य में शीघ्र वृद्धि किए जाने का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज का नवनिर्माण कराने, नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले का निर्माण कराने तथा लिब्बरहेड़ी में गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण कराने की घोषणा की। इसके अलावा मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाले सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध निर्माण और ग्राम ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क निर्माण कराया जाएगा।

ट्यूबवेल के विद्युत बिल माफ करने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विषय का परीक्षण कराया जाएगा। गन्ना मूल्य में वृद्धि की मांग पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ष किसानों के हित में गन्ना मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती रही है। पिछले वर्ष भी इसमें वृद्धि की गई थी और इस वर्ष भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि मंगलौर क्षेत्र के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए कई कार्य किए गए हैं। नारसन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है, जबकि लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक हजार से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालय बनाए गए हैं। क्षेत्र के 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। वहीं जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। नहरों से सिंचाई की सुविधा निःशुल्क की गई है तथा फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब की स्मृतियों को संजोने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का निर्णय लिया गया और उनके जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सुशासन, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए हैं। युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, किसानों की आय बढ़ाना और मातृशक्ति का सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, समालखा के विधायक मनमोहन भड़ाना, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, चौधरी अजीत सिंह, किसान आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, ब्लॉक प्रमुख कविंद्र चौधरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर और सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles