फिल्मी स्टाइल में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला तस्कर गिरफ्त में, 16 लाख की 51.45 ग्राम अवैध स्मैक बरामद

फिल्मी स्टाइल में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला तस्कर गिरफ्त में, 16 लाख की 51.45 ग्राम अवैध स्मैक बरामद
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड 2025” विजन को साकार करने की दिशा में देहरादून पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सहसपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक नशा तस्कर को धर दबोचा है, जो बेहद शातिर तरीके से फिल्मी अंदाज में स्मैक की तस्करी करता था। अभियुक्त के कब्जे से 51.45 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है।

दिनांक 04 अप्रैल 2025 को सहसपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान सभावाला मार्ग पर मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्त भूरा पुत्र असगर निवासी कुंजाग्रांट, थाना विकासनगर, उम्र 45 वर्ष है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह यह स्मैक मिर्जापुर के स्थानीय नशा तस्कर से खरीदकर ला रहा था, जिसे वह नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।

अभियुक्त का तरीका बेहद चौंकाने वाला था। वह स्मैक को चावल के नए कट्टों में छिपाकर, उन पर टेप से विशेष निशान लगाता था और फिर उन्हें बस के जरिए सहारनपुर से देहरादून भेजता था। रास्ते में अपने साथियों को मोबाइल के जरिए सूचना देकर कट्टे उतरवा लेता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्त पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ देहरादून एवं सहारनपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।

आपराधिक इतिहास में भूरा के विरुद्ध पूर्व में दर्ज मुकदमों में मु0अ0सं0-41/20 थाना विकासनगर, मु0अ0सं0-59/22 थाना सहसपुर, देहरादून और मु0अ0सं0-182/24 थाना मिर्जापुर, सहारनपुर, उ.प्र. शामिल हैं। अभियुक्त से पूछताछ में अन्य नशा तस्करों के नाम भी प्रकाश में आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

इस कार्रवाई में पुलिस टीम में शामिल रहे: व0उ0नि0 विकास रावत (थाना सहसपुर), उ0नि0 विवेक राठी (चौकी प्रभारी धर्मावाला), कांस्टेबल सचिन, कांस्टेबल मनदीप और कांस्टेबल अजीत।

देहरादून पुलिस की इस सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों के नेटवर्क पर करारा प्रहार हुआ है। पुलिस की ओर से आगे भी इस प्रकार की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles