भारत-नेपाल सीमा पर नकली नोट तस्करी का भंडाफोड़, पिथौरागढ़ पुलिस ने 4 तस्कर किए गिरफ्तार

भारत-नेपाल सीमा पर नकली नोट तस्करी का भंडाफोड़, पिथौरागढ़ पुलिस ने 4 तस्कर किए गिरफ्तार
Spread the love

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के जनपद पिथौरागढ़ में नकली करेंसी के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा के समीप नकली नोटों की तस्करी का खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में थाना बलुवाकोट पुलिस को बड़ी सफलता मिली। 04 अप्रैल 2025 को बलुवाकोट थाना क्षेत्र के मल्ली कुचिया, धारचुला रोड पर चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम को एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार संदिग्ध रूप में सड़क पर खड़ी मिली। जब कार की तलाशी ली गई तो उसमें सवार चार युवकों के पास से कुल ₹29,000 के नकली नोट बरामद हुए, जो ₹500 के नकली नोटों के रूप में थे।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तीन दिल्ली के और एक पिथौरागढ़ के मुनस्यारी क्षेत्र का निवासी है। पकड़े गए अभियुक्तों के नाम समीर उल रहमान, आसिफ, शोएब और नितिन हैं। पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि वे भारत-नेपाल सीमा से लगे बाजारों में नकली नोट चलाने की योजना से आए थे। पुलिस ने मौके से नकली नोटों के साथ-साथ उनकी स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी बलुवाकोट निरीक्षक श्री संजीव कुमार के नेतृत्व में यह पूरी कार्रवाई की गई, जिसमें अपर उपनिरीक्षक अशोक चौधरी, हेड कांस्टेबल चन्द्रशेखर जोशी, कांस्टेबल बाला सिंह और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।

अभियुक्तों के खिलाफ थाना बलुवाकोट में भारतीय न्याय संहिता की धारा 179/180 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विवेचना जारी है। पिथौरागढ़ पुलिस की इस सतर्क कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में नकली करेंसी के प्रसार पर एक बड़ा प्रभाव पड़ा है और आने वाले समय में इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

देवभूमि खबर

Related articles