मुख्यमंत्री धामी ने छात्रसंघ शुभारंभ समारोह में की शिरकत, विश्वविद्यालयों के विकास को बताया सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री धामी ने छात्रसंघ शुभारंभ समारोह में की शिरकत, विश्वविद्यालयों के विकास को बताया सरकार की प्राथमिकता
Spread the love

देहरादून/श्रीनगर। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर में आयोजित छात्रसंघ शुभारंभ समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य सरकार की शिक्षा नीति, युवाओं के लिए रोजगार अवसर और विकास योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विश्वविद्यालयों के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है जिसने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की है, जो प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय है। पिछले साढ़े तीन वर्षों में सरकार ने 22 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है, जिससे राज्य की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखंड को देशभर में पहला स्थान मिला है। साथ ही, राज्य में मॉडल कॉलेज, महिला छात्रावास, आईटी लैब, परीक्षा भवन, एस्ट्रो पार्क और साइंस सिटी जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने नकल विरोधी कानून को एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे ईमानदार और मेहनती छात्रों को न्याय मिलेगा। साथ ही उन्होंने स्टार्टअप के लिए राज्य में अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और विश्वविद्यालय प्रशासन व छात्रों से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने छात्रों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

विधायक श्री विनोद कंडारी ने समारोह की सराहना करते हुए छात्रों को नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक व राष्ट्रीय विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह रौथाण, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, कुलसचिव राजेश कुमार ढोड़ी, अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, प्रो. ओपी गुसाईं, छात्रसंघ अध्यक्ष जसवंत सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles