चार धाम यात्रा तो सिर्फ बहाना है, भाजपा को पंचायत चुनाव नहीं कराना है :गरिमा मेहरा दसौनी
देहरादून।उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने प्रदेश में पंचायत चुनाव न कराए जाने को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जानबूझकर लोकतंत्र और संविधान की हत्या करने पर आमादा है।
गरिमा ने आरोप लगाया कि पहले निकाय चुनावों में डेढ़ साल की देरी हुई और अब पंचायत चुनाव में भी इसी तरह की रणनीति अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि चार दिसंबर को पंचायतों का कार्यकाल समाप्त हो गया, लेकिन सरकार ने समय रहते आरक्षण प्रक्रिया पूरी नहीं की, जिससे चुनाव टलते जा रहे हैं। उन्होंने इसे सरकार की सोची-समझी रणनीति बताया।
दसौनी ने कहा कि भाजपा के भीतर प्रेम चंद की गाली प्रकरण और त्रिवेंद्र रावत के अवैध खनन पर बयान जैसी घटनाओं से घमासान मचा हुआ है, और ऐसे में चुनाव से बचने के लिए चार धाम यात्रा का बहाना बनाया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यात्रा साल भर चलने वाली है, तो क्या बाकी सारे कार्य बंद हो जाएंगे?
उन्होंने पंचायत चुनाव को लोकतंत्र की नींव बताते हुए कहा कि जब नींव ही कमजोर होगी तो लोकतंत्र की मजबूत इमारत नहीं खड़ी की जा सकती। उन्होंने विभागीय मंत्री द्वारा यात्रा को कारण बताना हास्यास्पद और शर्मनाक बताया।
अंत में गरिमा ने भाजपा पर संविधान विरोधी सोच का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के कहने और करने में फर्क है—उसके ‘खाने के दांत’ और ‘दिखाने के दांत’ अलग-अलग हैं।

