उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम 2025 घोषित: हाईस्कूल में 90.77% और इंटरमीडिएट में 83.23% छात्र सफल, टॉपर्स ने रच दिया इतिहास

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम 2025 घोषित: हाईस्कूल में 90.77% और इंटरमीडिएट में 83.23% छात्र सफल, टॉपर्स ने रच दिया इतिहास
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद्, रामनगर (नैनीताल) ने आज  हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2025 का परीक्षाफल घोषित कर दिया है। दोनों परीक्षाओं में छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया, जिससे परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई।

  इस वर्ष इंटरमीडिएट परीक्षा में 1,08,980 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1,06,345 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। कुल 88,518 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए, जिससे उत्तीर्ण प्रतिशत 83.23% रहा। बालिकाओं का प्रदर्शन बेहतर रहा, जिनका उत्तीर्ण प्रतिशत 86.20% रहा, जबकि बालकों का प्रतिशत 80.10% रहा।

प्रदेश की संयुक्त श्रेष्ठता सूची में देहरादून के गवर्नमेंट इंटर कॉलेज, बडासी की छात्रा अनुष्का राणा ने 493/500 (98.60%) अंक प्राप्त कर टॉप किया। एस.पी.आई.सी. करबाड़ी ग्रांट, देहरादून के केशव भट्ट और गोसवामी गणेश दत्त सरस्वती विद्या मंदिर, उत्तरकाशी की कोमल कुमारी ने संयुक्त रूप से 489/500 (97.80%) अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। एस.वी.एम.आई.सी., आवास विकास, ऋषिकेश के आयुष सिंह रावत ने 484/500 (96.80%) अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।

सम्मान सहित उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 7575 (7.12%) रही। प्रथम श्रेणी में 41,290 (38.82%), द्वितीय श्रेणी में 38,536 (36.23%) और तृतीय श्रेणी में 415 (0.39%) परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। जनपद स्तर पर पौड़ी गढ़वाल 91.90% परीक्षाफल के साथ शीर्ष पर रहा।

हाईस्कूल परीक्षा में 1,13,238 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 1,09,859 ने परीक्षा दी और 99,725 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 90.77% रहा। बालिकाओं का प्रदर्शन एक बार फिर बेहतर रहा – 93.25% बालिकाएं सफल रहीं, जबकि बालकों का प्रतिशत 88.20% रहा।

VIVEKANAND VMIC, मंडलसेरा (बागेश्वर) के कमल सिंह चौहान और HGS SVM IC, कुसुमखेड़ा (हल्द्वानी, नैनीताल) के जतिन जोशी ने 496/500 (99.20%) अंकों के साथ संयुक्त रूप से टॉप किया। SVM IC, न्यू टिहरी (टिहरी गढ़वाल) की कनक लता ने 495/500 (99%) अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान और बालिकाओं की टॉप पोजिशन हासिल की। गोसवामी गणेश दत्त सरस्वती IC, उत्तरकाशी के दिव्यम, CAIC अगस्त्यमुनि (रुद्रप्रयाग) की प्रिया और PP SVM IC, नानकमत्ता (ऊधमसिंह नगर) की दीपा जोशी ने 494/500 (98.80%) अंक लाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

सम्मान सहित उत्तीर्ण परीक्षार्थी 12,439 (11.32%) रहे। प्रथम श्रेणी में 30,681 (27.92%), द्वितीय श्रेणी में 41,966 (38.19%) और तृतीय श्रेणी में 14,631 (13.31%) परीक्षार्थी सफल रहे। चंपावत जनपद 96.97% परीक्षाफल के साथ पहले स्थान पर रहा। वर्ष 2024 की तुलना में इस बार परीक्षाफल में 1.63 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

इंटरमीडिएट की सुधार परीक्षा (द्वितीय) वर्ष 2024 में 715 में से 360 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए (50.35%) जबकि हाईस्कूल सुधार परीक्षा में 436 में से 268 परीक्षार्थी उत्तीर्ण रहे (61.46%)।

देवभूमि खबर

Related articles