उत्तराखण्ड में खोले जाएंगे नए फायर स्टेशन, स्थापित होगा विश्वस्तरीय फायर सर्विस प्रशिक्षण केन्द्र, सीएम ने की घोषणा
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पुलिस लाइन, देहरादून में अग्निशमन सेवा सप्ताह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने तृतीय ऑल इंडिया फायर सर्विस गेम्स में पदक विजेता 7 तथा गृह मंत्रालय द्वारा डीजीएफएस डिस्क मेडल विजेता 2 अग्निशमन कर्मियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड फायर सर्विस में शामिल 20 नए फायर टैण्डरों एवं अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और अग्निशमन कर्मियों द्वारा किए गए करतबों का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर उन्होंने भीमताल, द्वाराहाट, गौचर, पुरोला और सहस्त्रधारा में नए फायर स्टेशन खोलने तथा उत्तराखण्ड में फायर सर्विस का विश्वस्तरीय प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित किए जाने की घोषणा की। साथ ही प्रयागराज महाकुंभ ड्यूटी में सम्मिलित उत्तराखण्ड फायर सर्विस के सभी कर्मियों को 10-10 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड फायर सर्विस ने अब तक 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों को अग्निकांड से बचाया है और 27 हजार से अधिक मानव जीवन तथा 7 हजार पशुओं की रक्षा की है। उन्होंने यह भी बताया कि अब महिलाएं भी फायर फाइटर के रूप में इस सेवा में योगदान दे रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा उत्तराखण्ड फायर सर्विस के लिए 71 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके तहत 18 नए फायर स्टेशनों का निर्माण और विश्वस्तरीय उपकरणों की खरीद की जा रही है। साथ ही फायर फाइटर्स के लिए उच्च गुणवत्ता वाले फायर सूट भी खरीदे गए हैं।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि गैरसैंण में फायर स्टेशन और 78 आवासों का निर्माण किया जा रहा है तथा हरिद्वार के बहादराबाद में नया फायर स्टेशन भी स्वीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में भी फायर स्टेशन खोले जाएंगे, जिसके लिए फायर स्टेशनों की मैपिंग की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा में अग्निशमन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि फायर सर्विस के जवान आपदाओं, वनाग्नि नियंत्रण, सामाजिक आयोजनों और सुरक्षा व्यवस्था में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं।
इस अवसर पर मेयर श्री सौरभ थपलियाल, सचिव गृह श्री शैलेश बगौली, डीजीपी श्री दीपम सेठ, उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग अध्यक्ष डॉ. रवि दत्त गोदियाल, बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना, सचिव श्री विनोद कुमार सुमन सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

