15 दिनों में सड़कों को गड्ढा मुक्त करें: जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान
पौड़ी।जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को एनआईसी कक्ष में गुड गवर्नेंस को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने कार्यों का संचालन प्रभावी व जवाबदेही के साथ करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने पौड़ी शहर में अतिक्रमण की समस्या को गंभीरता से नहीं लेने पर उपजिलाधिकारी व नगर पालिका ईओ से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए।
सड़कों की स्थिति पर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी ने लोनिवि, पीएमजीएसवाई और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को आदेश दिए कि जिले की सभी सड़कों को 15 दिनों के भीतर गड्ढा मुक्त किया जाए।
शहरी स्वच्छता पर जोर देते हुए नगर निकाय अधिकारियों को नालियों की नियमित सफाई के निर्देश दिए गए। वहीं, पशुपालन विभाग को जिले की सभी गौशालाओं का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अपने कार्यालयों में बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी विभाग से जुड़ी कोई समस्या सोशल मीडिया या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर सामने आती है, तो संबंधित अधिकारी त्वरित समाधान कर उसकी रिपोर्ट अपर जिलाधिकारी को प्रस्तुत करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेट, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य शिक्षाधिकारी नागेंद्र बर्तवाल, मुख्य कृषि अधिकारी विकेश कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

