दिशा समिति की बैठक में सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा

दिशा समिति की बैठक में सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा
Spread the love

टिहरी।जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शनिवार को जिला सभागार, नई टिहरी में टिहरी गढ़वाल की सांसद श्रीमती माला राज्य लक्ष्मी शाह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सांसद श्रीमती शाह ने नवनिर्वाचित नगरपालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्षों का स्वागत करते हुए अधिकारियों के साथ तालमेल बैठाकर योजनाओं के सफल क्रियान्वयन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी क्षेत्रों का संतुलित विकास जरूरी है और इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों को समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी समस्या की जानकारी समय रहते दी जाए ताकि उसका समाधान त्वरित रूप से किया जा सके।

बैठक में सांसद ने क्रमवार विभिन्न विभागों – पीएमजीएसवाई, लोनिवि, पेयजल, स्वास्थ्य, बाल विकास, शिक्षा, समाज कल्याण, शहरी विकास, कृषि, सिंचाई, उद्योग, दूरसंचार इत्यादि – की योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को नियमित रूप से देने और कार्यक्रमों में आमंत्रित करने को भी कहा।

सीएमओ से उन्होंने ऑटिज्म पीड़ित बच्चों और डायलिसिस सुविधा पर जानकारी ली, जिस पर बताया गया कि हंस फाउंडेशन के सहयोग से कार्य योजना बनाई जा रही है। बाल विकास विभाग को बेटियों के लिंगानुपात में सुधार (926 से 953) पर सराहना भी दी।

विधायक किशोर उपाध्याय ने पहाड़ी क्षेत्रों के लिए सड़क निर्माण मानकों में बदलाव का सुझाव दिया, जबकि विधायक शक्ति लाल शाह ने दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क समस्याएं उठाईं। उन्होंने मनरेगा के तहत भूमि सुधार, गौशालाओं की निगरानी नगरपालिका को सौंपने जैसे सुझाव दिए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्देश दिए कि सदस्यों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों का शीघ्र समाधान कर जानकारी साझा की जाए। उन्होंने उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं में टिहरी की हाईस्कूल में आठवीं व इंटर में पांचवीं रैंक हासिल करने पर शिक्षकों को बधाई दी। साथ ही सड़कों को गड्ढा मुक्त करने व सुगम्य भारत योजना के प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए।

बैठक में समिति सदस्यों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी लेते हुए समस्याएं साझा कीं व कई सुझाव रखे – जिनमें 250+ आबादी वाले गांवों की सूची साझा करना, कोल्ड स्टोर निरीक्षण, सड़कों के किनारे नालियों की सफाई व अव्यवस्थित पेयजल लाइनों की मरम्मत, केन्द्रीय विद्यालयों की शुरुआत, फलदार वृक्षों का पौधारोपण, कूड़ा वाहन, पर्यावरण मित्र की नियुक्ति जैसे मुद्दे शामिल रहे।

बैठक में अध्यक्ष ओबीसी संजय नेगी, जिलाध्यक्ष भाजपा उदय रावत, अध्यक्ष नगरपालिका परिषद टिहरी मोहन सिंह रावत, अध्यक्ष नगर पंचायत घनसाली आनन्द बिष्ट, अध्यक्ष नगर पंचायत चमियाला गोविन्द सिंह राणा, अध्यक्ष नगर पंचायत लम्बगांव रोशन, अध्यक्ष नगर पंचायत गजा कुंवर सिंह चौहान, ब्लॉक प्रशासक जाखणीधार सुनीता देवी, चम्बा शिवानी बिष्ट, सीडीओ डॉ अभिषेक त्रिपाठी, एडीएम ए.के. पाण्डेय, डीएफओ वन प्रभाग टिहरी पुनीत तोमर, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, पीडी डीआरडीए पी.एस. चौहान, डीडीओ मो. असलम, सीईओ एस.पी. सेमवाल, सीएओ विजय देवराड़ी, डीएसडब्लूओ श्रेष्ठा भाकुनी, डीपीआरओ एम.एम. खान, सीवीओ डी.के. सिंह, डीपीओ संजय गौरव, उरेडा अधिकारी एस. एस. मेहर सहित ईई पीएमजीएसवाई, लोनिवि, पेयजल, जल संस्थान, विद्युत, सिंचाई, लघु सिंचाई आदि समिति के अन्य सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles