LUCC धोखाधड़ी में अब तक 8 गिरफ्तार, 4 पर LOC जारी , संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया तेज

LUCC धोखाधड़ी में अब तक 8 गिरफ्तार, 4 पर LOC जारी , संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया तेज
Spread the love

पौड़ी। चर्चित LUCC (The Loni Urban Multi State Credit & Treft Co-operative Society) धोखाधड़ी प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। अब तक इस मामले में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 4 फरार अभियुक्तों (गिरीश चन्द्र बिष्ट, उत्तम सिंह, समीर अग्रवाल और सबाब हुसैन) के विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर (LOC) नोटिस जारी किया गया है। पुलिस द्वारा अब तक इस कंपनी से जुड़े 3 बैंक खातों को सीज कर दिया गया है।

इस मामले की विवेचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री लोकेश्वर सिंह की निगरानी में की जा रही है। हाल ही में श्री सिंह द्वारा LUCC मामलों से जुड़े गढ़वाल क्षेत्र के सभी जनपदों के विवेचकों के साथ ऑनलाइन गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने साक्ष्य संकलन तेज करने, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, अन्य जांच एजेंसियों से समन्वय स्थापित करने और आरोपियों की संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

LUCC कॉपरेटिव सोसाइटी द्वारा की गई धोखाधड़ी का मामला 1 जून 2024 को सामने आया था, जब कोटद्वार निवासी वादिनी तृप्ति नेगी ने इस कंपनी की दुगड्डा शाखा के मैनेजर विनीत सिंह और कैशियर प्रज्ञा रावत के खिलाफ कोटद्वार कोतवाली में आरडी योजना के नाम पर धन हड़पने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई थी।

अब तक उत्तराखंड के देहरादून, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों में इस फर्जी संस्था के खिलाफ कुल 13 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें पौड़ी जनपद में 4, टिहरी में 4, देहरादून में 2, रुद्रप्रयाग में 2 और उत्तरकाशी में 1 मामला शामिल है। कोटद्वार का एक मामला CBCID को स्थानांतरित किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी विवेचकों को प्रोएक्टिव तरीके से काम करने, पासपोर्ट अधिकारियों से आरोपियों की जानकारी लेने और रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं। शीघ्र ही इन अभियोगों की दोबारा समीक्षा भी की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles