थाना गदरपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच गुरुग्राम की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर ठग सैफ अली और शहजाद मोहम्मद गिरफ्तार
रूद्रपुर।थाना गदरपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच गुरुग्राम (हरियाणा पुलिस) की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर ठग सैफ अली और शहजाद मोहम्मद को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों पर हरियाणा, राजस्थान, मुंबई सहित विभिन्न राज्यों में कई ठगी के मुकदमे दर्ज हैं। इनकी गिरफ्तारी के दौरान पुलिस कार्यवाही में बाधा डालने पर 6 लोगों को भी हिरासत में लिया गया।
दिनांक 19 अप्रैल 2025 को थाना गदरपुर पुलिस द्वारा गुरुग्राम हरियाणा क्राइम ब्रांच की टीम के साथ मिलकर ठण्डानाला गूलरभोज क्षेत्र में अभियुक्तों के विरुद्ध पहले से दाखिल धारा 55 बीएनएसएस नोटिस और विभिन्न राज्यों से जुड़ी एफआईआर के अनुपालन में यह कार्यवाही की गई। जानकारी के अनुसार, उपरोक्त अभियुक्तगण देश के कई राज्यों में सम्मोहन के माध्यम से लोगों को ठगते थे, जिसमें वे एक कटोरी में चुंबक व गोटी का खेल दिखाकर लोगों का ध्यान भटकाकर उनके गहने, कीमती सामान और नगदी लेकर फरार हो जाते थे।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि उक्त अभियुक्त अपराध कर वापस ठण्डानाला गूलरभोज क्षेत्र में खानाबदोश जीवन शैली अपनाकर निवास करते हैं। जब बाहरी राज्यों की पुलिस उन्हें पकड़ने आती थी, तो स्थानीय महिलाएं सामने आकर गिरफ्तारी का विरोध करती थीं। ऐसे में अभियुक्तों की गिरफ्तारी एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन एसएसपी उधम सिंह नगर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक काशीपुर, क्षेत्राधिकारी बाजपुर और थानाध्यक्ष गदरपुर की निगरानी में यह बड़ी कार्रवाई सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।
गिरफ्तारी के समय अभियुक्तों की मदद करने और पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने के आरोप में 6 संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है। इनके पास से चार मोटरसाइकिलें, जिनमें एक बजाज प्लेटिना (UK 06 AF 9325), एक बिना नंबर की होंडा 125 सीसी (चैसिस नम्बर ME4JC942ERD118721), होंडा 125 सीसी (UK 06 BJ 9272), और हीरो स्ट्रीम (UK 06 BJ 7732) भी बरामद की गई हैं। इन वाहनों के स्वामित्व को लेकर अभियुक्त कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए हैं।
गिरफ्तार किए गए मुख्य अभियुक्तों में सैफ अली उर्फ सैफू खान उर्फ सैफुद्दीन पुत्र मोहम्मद अली निवासी ठण्डानाला गुलरभोज थाना गदरपुर, और शहजाद मोहम्मद पुत्र खुशी मोहम्मद निवासी ठण्डानाला गुलरभोज थाना गदरपुर शामिल हैं। वहीं, धारा 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिए गए संदिग्धों में हुसैन पुत्र नसरुद्दीन, खुशी मोहम्मद पुत्र फजलूद्दीन, मोहम्मद अली पुत्र अली हसन, मोहम्मद आसिफ पुत्र जुल्फिकार, लियाकत अली पुत्र नूर मोहम्मद और अख्तर अली पुत्र हबीब अली शामिल हैं।
पूरे अभियान में क्षेत्राधिकारी बाजपुर श्री विभव सैनी, थाना गदरपुर के थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान अपनी पुलिस टीम सहित, थाना केलाखेड़ा व थाना बाजपुर की टीम, पीएसी और क्राइम ब्रांच गुरुग्राम हरियाणा की टीम सक्रिय रही। सभी से पूछताछ के बाद हरियाणा पुलिस टीम द्वारा विधिक कार्यवाही की जा रही है।
