नवीन सत्र के स्वागत में प्रदेशभर में प्रवेशोत्सव, राइंका रानीपोखरी में विभागीय मंत्री करेंगे उद्घाटन

नवीन सत्र के स्वागत में प्रदेशभर में प्रवेशोत्सव, राइंका रानीपोखरी में विभागीय मंत्री करेंगे उद्घाटन
Spread the love

देहरादून। प्रदेश के विद्यालयों में नवीन शैक्षणिक सत्र 2025-26 की शुरुआत नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के भव्य स्वागत के साथ होगी। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए प्रवेशोत्सव कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को प्रदेश के माननीय विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत राजकीय इंटर कॉलेज रानीपोखरी से प्रदेशव्यापी प्रवेशोत्सव का शुभारंभ करेंगे और नवप्रवेशित बच्चों का स्वागत करेंगे।

शिक्षा मंत्री के दिशा-निर्देशों पर प्रदेशभर में 95 अधिकारियों और शिक्षकों को अलग-अलग ब्लॉकों में इन कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रवेशोत्सव राजकीय व सहायता प्राप्त प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट विद्यालयों में आयोजित किया जाएगा, जहां छात्र, अभिभावक, अध्यापक व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में नए छात्रों का औपचारिक स्वागत किया जाएगा।

प्रवेशोत्सव के साथ-साथ पीटीए बैठकों का आयोजन, बालवाटिका-1 में बच्चों का नामांकन, ‘मिशन कोशिश’ के अंतर्गत शिक्षण समीक्षा, परीक्षाफल साझा करना, तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों और शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त ‘प्रतिभा दिवस’, ‘बस्तामुक्त दिवस’ और अन्य आयोजनों पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई शैक्षिक सामग्री की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मंत्री डॉ. रावत रानीपोखरी के अलावा राजकीय प्राथमिक विद्यालय नौगांव व राइंका हिवालीधार में भी प्रवेशोत्सव कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे।

देवभूमि खबर

Related articles