मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा सहित राज्यभर में सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा सहित राज्यभर में सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर चारधाम यात्रा समेत राज्य के धार्मिक और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ फेक न्यूज पर त्वरित कार्रवाई करने और सही जानकारी समय-समय पर साझा करने पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किरायेदारों और अस्थायी रूप से रह रहे लोगों का अनिवार्य सत्यापन कराया जाए। राशन कार्ड, आधार कार्ड, बिजली कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड जैसे सरकारी दस्तावेजों के दुरुपयोग को रोकने तथा अपात्र व्यक्तियों को लाभ देने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में वनाग्नि की घटनाओं पर कड़ा नियंत्रण रखने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया। डेंगू नियंत्रण के लिए नियमित फॉगिंग, जागरूकता अभियान चलाने तथा अस्पतालों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी जिलाधिकारियों को दिए गए।

मुख्यमंत्री ने आगामी कैंचीधाम वार्षिकोत्सव को देखते हुए सड़कों की मरम्मत और पार्किंग की समुचित व्यवस्था पर भी ध्यान देने को कहा। बिजली-पानी की आपूर्ति, स्मार्ट मीटर की निगरानी, और विद्युत बिल शिकायतों के त्वरित निस्तारण को भी प्रमुखता देने को कहा गया।

सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने, 10 करोड़ तक के टेंडर स्थानीय ठेकेदारों को देने, तथा उद्योग क्षेत्र से नियमित संवाद स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना को गति देने के लिए जिलों को लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने का आदेश दिया गया।

चारधाम यात्रा मार्गों पर यातायात प्रबंधन, घोड़ा-खच्चर संचालकों को प्राथमिकता देने, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने तथा रेट लिस्ट का सख्ती से पालन कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमन, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत समेत सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles