चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर गोपेश्वर में महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित, यातायात और व्यवस्थाओं पर बनी आम सहमति
चमोली। आगामी चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सफल बनाने के उद्देश्य से आज थाना गोपेश्वर में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह बैठक पुलिस उपाधीक्षक चमोली, थानाध्यक्ष गोपेश्वर और उपनिरीक्षक यातायात की उपस्थिति में संपन्न हुई, जिसमें नगरपालिका अध्यक्ष, जीएमवीएन प्रबंधक, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि, गोपीनाथ मंदिर समिति के सदस्य, व्यापार संघ, टैक्सी यूनियन और होटल-लॉज स्वामियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।
गोष्ठी में यात्राकाल के दौरान गोपेश्वर शहर में यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और अन्य आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों और पुलिस प्रशासन के बीच व्यवस्थाओं को लेकर सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। केदारनाथ, चोपता और मण्डल की ओर से आने वाले यातायात के लिए मार्ग निर्धारित किया गया है, जिसके अनुसार वाहन हॉस्पिटल तिराहा, फायर सर्विस, घिंघराण बस स्टैंड, बाईपास, लीसा बैंड और हल्दापानी होते हुए अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे।
गोपीनाथ मंदिर के दर्शन के लिए आने वाले यात्रियों को हॉस्पिटल तिराहा और थाना गेट होते हुए गोपेश्वर बस अड्डे तक पहुंचकर अपने वाहन पार्क करने होंगे, जिसके बाद वे पैदल मार्ग से मंदिर जाएंगे। दर्शन के पश्चात यात्री और स्थानीय लोग बस स्टैंड, एमटी तिराहा, फायर स्टेशन, घिंघराण बस स्टैंड और बाईपास होते हुए आगे बढ़ेंगे। दोपहिया वाहनों के लिए गोपेश्वर बस स्टैंड, मंदिर मार्ग, पीजी कॉलेज, हॉस्पिटल तिराहा क्षेत्र तथा कोचिंग संस्थानों के आस-पास पार्किंग के स्थान निर्धारित किए गए हैं। दोपहिया वाहन पुलिस लाइन ग्राउंड में पार्क किए जाएंगे और यातायात मार्ग पर किसी भी प्रकार का दोपहिया वाहन खड़ा करना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उल्लंघन की स्थिति में नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
सभी मालवाहक वाहनों को शहर में सुबह 8 बजे से पहले और रात 8 बजे के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। स्थानीय चौपहिया वाहनों को लीसा बैंड, हल्दापानी, लॉ कॉलेज और पठियालधार क्षेत्र में खड़ा करने के बजाय सेरा ग्राउंड गोपेश्वर में पार्क करने का अनुरोध किया गया है। कूड़ा निस्तारण कार्य के लिए निर्देशित किया गया कि संबंधित वाहन सुबह 7 बजे तक अपना कार्य पूरा करें तथा नागरिकों से अनुरोध किया गया कि निर्धारित समय के पश्चात सड़क पर कूड़ा न फेंकें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
चमोली की ओर से गोपेश्वर मैन मार्केट, मण्डल या हॉस्पिटल आने वाले वाहनों को लीसा बैंड, सुभाष नगर, पीजी कॉलेज हॉस्पिटल, एमटी तिराहा, हॉस्पिटल तिराहा, फायर स्टेशन और थाना गेट मार्ग से आवागमन करना होगा। गोष्ठी में लिए गए ये सभी निर्णय आगामी चारधाम यात्रा के दौरान गोपेश्वर शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने तथा यात्रियों एवं स्थानीय निवासियों को असुविधा से बचाने के उद्देश्य से लिए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने समस्त नागरिकों, यात्रियों और संबंधित प्रतिष्ठानों से इन दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है ताकि यात्रा अवधि के दौरान सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

