पिथौरागढ़ की प्रियंका और दिया बनीं ईमानदारी की मिसाल, सड़क पर मिला मंगलसूत्र पुलिस को सौंपकर पेश की मिसाल

पिथौरागढ़ की प्रियंका और दिया बनीं ईमानदारी की मिसाल, सड़क पर मिला मंगलसूत्र पुलिस को सौंपकर पेश की मिसाल
Spread the love

पिथौरागढ़।पिथौरागढ़ की दो बेटियों प्रियंका पोखरिया और उनकी बहन दिया पोखरिया ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। खड़कोट निवासी दोनों बहनों को सुनारगली चौराहे पर एक तोला सोने का मंगलसूत्र मिला, जिसे उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के कोतवाली पिथौरागढ़ पहुंचकर पुलिस को सौंप दिया।

इस नेक कार्य की जानकारी मिलते ही कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक श्रीमती बबीता टम्टा ने तत्परता दिखाते हुए मंगलसूत्र के वास्तविक स्वामी की खोजबीन शुरू की। जांच के बाद पता चला कि यह मंगलसूत्र श्रीमती ललिता बिष्ट, निवासी दूंगा गांव, पिथौरागढ़ का है। पुलिस द्वारा संपर्क किए जाने के बाद विधिवत सत्यापन कर मंगलसूत्र उन्हें सुपुर्द कर दिया गया।

मंगलसूत्र वापस पाकर भावविभोर हुईं श्रीमती ललिता बिष्ट और उनके पति ने प्रियंका व दिया की ईमानदारी की भूरी-भूरी प्रशंसा की और पुलिस प्रशासन का आभार जताया।

पिथौरागढ़ पुलिस ने प्रियंका और दिया की इस संवेदनशीलता व नैतिकता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने समाज को यह सशक्त संदेश दिया है कि सच्चाई, ईमानदारी और नैतिक मूल्य आज भी जिंदा हैं।

देवभूमि खबर

Related articles