अब पॉलीटेक्निक छात्र सीखेंगे एआई और कोडिंग, प्राविधिक शिक्षा विभाग ने किया महत्वपूर्ण एमओयू
देहरादून। प्रदेश के राजकीय पॉलीटेक्निक एवं अन्य तकनीकी शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं अब अपने नियमित पाठ्यक्रम के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), कोडिंग और प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग का प्रशिक्षण भी प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए प्राविधिक शिक्षा विभाग ने कोडयोगी फाउंडेशन और कम्प्यूटर एंड लर्न फाउंडेशन के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में हुए इस समझौते के तहत राज्य के पॉलीटेक्निक संस्थानों के विद्यार्थियों को एआई के मूलभूत सिद्धांतों, कोडिंग, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग और इनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार तकनीकी शिक्षा को आधुनिक और रोजगारोन्मुख बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को नई तकनीकों में दक्ष बनाने के साथ-साथ उनकी समस्या समाधान क्षमता और नवाचार की सोच को भी विकसित करेगी।
उन्होंने बताया कि छात्र अपने स्मार्टफोन के माध्यम से, अपनी भाषा में और बिना किसी शुल्क के यह प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को विभाग की ओर से दो अकादमिक क्रेडिट भी प्रदान किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के संचालन के लिए किसी अतिरिक्त कंप्यूटर लैब, आधारभूत संरचना या विशेष शिक्षक प्रशिक्षण की आवश्यकता नहीं होगी।
कोडयोगी फाउंडेशन कार्यक्रम का वित्तपोषण और संचालन स्वतंत्र रूप से करेगा, जबकि प्राविधिक शिक्षा विभाग राज्य के सभी पॉलीटेक्निक संस्थानों तक इसकी प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करेगा। कार्यक्रम के दौरान कोडयोगी फाउंडेशन के संस्थापक प्रशांत चौधरी ने कहा कि फाउंडेशन की शुरुआत उत्तराखंड से हुई थी और यहां के अनेक छात्र तकनीकी कौशल हासिल कर आज बहुराष्ट्रीय कंपनियों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि सीखने की इच्छा और एक स्मार्टफोन ही सफलता की दिशा में बड़ा साधन बन सकता है।
कार्यक्रम में सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजीत सिन्हा, तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. तृप्ता ठाकुर, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, उप सचिव ब्योमकेश दुबे, सचिव यूबीटीआर डॉ. मुकेश पांडेय, कोडयोगी फाउंडेशन के संस्थापक प्रशांत चौधरी, कम्प्यूटर एंड लर्न फाउंडेशन के निदेशक साई प्रसाद साले सहित अनेक विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

