‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ को विश्वस्तरीय ब्रांड बनाने की दिशा में कदम तेज : मुख्य सचिव

‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ को विश्वस्तरीय ब्रांड बनाने की दिशा में कदम तेज : मुख्य सचिव
Spread the love

देहरादून।मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में हाउस ऑफ हिमालयाज के निदेशक मंडल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने इसे एक बड़े ब्रांड के रूप में विकसित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि इसकी पहचान को कायम रखने के लिए उत्पादों की गुणवत्ता सर्वोपरि होनी चाहिए।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रत्येक उत्पाद के लिए गुणवत्ता के मानक निर्धारित किए जाएं  और जीआई टैगिंग का लाभ अधिक से अधिक उठाने के लिए पर्याप्त आपूर्ति और उत्पादन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए कृषि समेत अन्य संबंधित विभागों के साथ मजबूत समन्वय बनाए जाने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज की ब्रांडिंग और मार्केटिंग को मजबूत करते हुए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और स्वतंत्र वेबसाइट के माध्यम से बिक्री को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही, देश के अन्य राज्यों में भी आउटलेट्स की संख्या बढ़ाई जाए और हथकरघा एवं हस्तशिल्प के तहत नए उत्पादों को लगातार जोड़ा जाए।

बैठक में सचिव श्रीमती राधिका झा ने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज का प्रमुख उद्देश्य पहाड़ी किसानों को बेहतर दाम दिलाकर खेती को लाभप्रद बनाना है। उन्होंने बताया कि राज्य के प्रामाणिक और प्रीमियम उत्पादों को बढ़ावा देते हुए *ई-कॉमर्स साइट्स और अन्य राज्यों में **आउटलेट्स के माध्यम से बिक्री की जा रही है।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव सचिन कुर्वे, प्रबंध निदेशक मनुज गोयल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles