डीएम सविन बंसल की दो टूक: युद्धस्तर पर हो पेयजल समस्या का समाधान, जनमानस को शुद्ध जल देना प्राथमिकता

डीएम सविन बंसल की दो टूक: युद्धस्तर पर हो पेयजल समस्या का समाधान, जनमानस को शुद्ध जल देना प्राथमिकता
Spread the love

देहरादून। जिला प्रशासन देहरादून शुद्ध एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति को लेकर गंभीर है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पेयजल से जुड़ी हर शिकायत का समाधान प्राथमिकता के आधार पर युद्धस्तर पर किया जाए। यदि समस्या का स्थायी समाधान समय ले रहा है, तो टैंकर, घोड़े-खच्चर या किसी अन्य वैकल्पिक माध्यम से आमजन को पेयजल उपलब्ध कराना अनिवार्य है।

पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु एक समिति का गठन किया गया है। आपदा कंट्रोल रूम में 24×7 कार्मिक तैनात हैं, जो जल संस्थान व जल निगम की संबंधित इकाइयों को शिकायतें भेजते हुए उनके निस्तारण की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अब तक कुल 68 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 55 का समाधान कर जलापूर्ति सुचारु कर दी गई है। आज की तिथि में प्राप्त 6 शिकायतों में से 1 का निस्तारण हो चुका है, शेष पर कार्य जारी है।

प्रमुख मामलों में सुभाषनगर में नलकूप की तकनीकी समस्या के कारण बाधित जलापूर्ति को दुरुस्त कर टैंकरों के माध्यम से आपूर्ति बहाल की गई। इंदिरापुरम, हरिद्वार बाईपास रोड (संत निरंकारी भवन), तथा टर्नर रोड पर क्षतिग्रस्त पाईपलाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति सुचारु कर दी गई है।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जल संकटग्रस्त क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जा रही है। सभी ट्यूबवेल और नलकूपों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। जल संस्थान एवं जल निगम के सभी डिविजनों को पेयजल संकट की शिकायतों के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर प्रचारित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायतें कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 0135-2726066 या 1077 पर भी दर्ज की जा सकती हैं।

देवभूमि खबर

Related articles