केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने गुंजी में जवानों से की मुलाकात, वाइब्रेंट विलेज योजनाओं की ली जानकारी
पिथौरागढ़। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा अपने आदि कैलाश ओम पर्वत भ्रमण के तहत आज पूर्वाह्न 11:45 बजे गुंजी हेलीपैड पहुंचे। स्थानीय लोगों ने पारंपरिक रंग संस्कृति की पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद वह आर्मी गेस्ट हाउस पहुंचे जहां उन्होंने भारतीय सेना, आईटीबीपी और एसएसबी के जवानों से मुलाकात कर सीमा क्षेत्र में तैनात हथियारों व उपकरणों की जानकारी ली।
मंत्री जेपी नड्डा ने दुर्गम परिस्थितियों में सेवा दे रहे जवानों के साहस और समर्पण की सराहना की और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा, “देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले आप सभी वीर जवानों पर पूरा देश गर्व करता है।”
मंत्री ने जवानों के साथ समय बिताया, मिष्ठान साझा किए और उनकी हौसला अफजाई की। इसके उपरांत जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत चल रही परियोजनाओं की प्रस्तुति दी। उन्होंने आदि कैलाश यात्रा, पर्यटन योजनाओं, स्वदेश दर्शन 2.0 और पीएमजीएसवाई के तहत सड़क मार्गों की जानकारी दी।
मंत्री को बताया गया कि आईटीबीपी और स्थानीय पशुपालकों के सहयोग से पोल्ट्री और बकरी/भेड़ मांस की आपूर्ति की नई योजना शुरू की गई है, जिसमें सहकारी समितियां और किसान उत्पादक संगठन भी शामिल हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री अजय टम्टा, राज्य के दुग्ध एवं पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा, जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, उपजिलाधिकारी मंजीत सिंह समेत सेना, आईटीबीपी, एसएसबी व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

