शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने पहुंचे सम्मान परिषद उपाध्यक्ष सुभाष बड़थ्वाल, रामपुर तिराहा पर बस स्टॉप की मांग दोहराई
देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के नव नियुक्त उपाध्यक्ष सुभाष बड़थ्वाल ने वन प्रतिपालक व राज्य आंदोलनकारी राजीव तलवार तथा राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती के साथ मुजफ्फरनगर स्थित रामपुर तिराहा शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। यह उनका कार्यभार ग्रहण करने के बाद पहला सार्वजनिक दौरा था, जिसमें उन्होंने शहीदों को नमन कर अपनी भावनाएं प्रकट कीं।

इस अवसर पर स्व. महावीर शर्मा के परिजन, ग्राम प्रधान, पटवारी, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों द्वारा बड़थ्वाल, राजीव तलवार और प्रदीप कुकरेती का स्वागत किया गया और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
सुभाष बड़थ्वाल ने पं. महावीर शर्मा के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जहां लोग एक इंच जमीन के लिए संघर्ष करते हैं, वहीं शर्मा जी ने शहीद स्मारक के लिए अपनी भूमि दान कर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने महावीर शर्मा की प्रस्तावित मूर्ति निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया।
इसके पश्चात बड़थ्वाल ने रुड़की में घायल वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी प्रकाश कान्ति से उनके आवास पर भेंट की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे माननीय मुख्यमंत्री को इस संबंध में अवगत कराएंगे।
मंच की ओर से प्रदीप कुकरेती ने पुनः पुरानी मांग दोहराई कि रामपुर तिराहा पर बस स्टॉप बनाया जाए ताकि लोग यहां रुककर राज्य आंदोलन के इतिहास से परिचित हो सकें।

