सभी विभागों में ई-ऑफिस लागू करें: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिव समिति की बैठक में दिए निर्देश
देहरादून।मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय स्थित सभागार में सचिव समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने सभी सचिवों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों एवं संबंधित जनपदों में शीघ्रातिशीघ्र ई-ऑफिस प्रणाली को पूर्ण रूप से लागू करें। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रशासन की दिशा में ई-ऑफिस एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे कार्यों की गति और पारदर्शिता में वृद्धि होगी।
मुख्य सचिव ने जनपद पौड़ी द्वारा ई-ऑफिस के सफल क्रियान्वयन की सराहना करते हुए अन्य प्रमुख जनपदों — देहरादून, नैनीताल एवं हरिद्वार — को भी तेजी से इस प्रणाली को अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन एवं निदेशालय स्तर पर ई-ऑफिस प्रणाली के समन्वय को और अधिक सरल व सुगम बनाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में मुख्य सचिव ने यह भी निर्देशित किया कि सभी विभागों की वेबसाइटों को आईटीडीए द्वारा तैयार नए फॉर्मेट में अद्यतन किया जाए। उन्होंने विभागीय कार्मिकों को तकनीकी सहायता एवं प्रशिक्षण देने हेतु आईटी विभाग को निर्देश दिए, ताकि ई-ऑफिस प्रणाली एवं वेबसाइट अपडेट की प्रक्रिया में आ रही समस्याओं का समाधान सुचारु रूप से किया जा सके।
बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव श्री अमित सिन्हा, सचिव श्री शैलेश बगोली, श्री नितेश कुमार झा, श्रीमती राधिका झा, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरूषोत्तम, श्री रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, श्री चंद्रेश कुमार यादव, डॉ. आर. राजेश कुमार, डॉ. नीरज खैरवाल, श्री दीपेन्द्र कुमार चौधरी, श्री विनोद कुमार सुमन एवं श्री रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
