हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियों में जुटी चमोली पुलिस: एसपी ने वर्चुअल मीटिंग में दिए अहम निर्देश
चमोली।श्री हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने में अब कुछ ही दिन शेष हैं। 25 मई को इस पवित्र धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से चमोली पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सर्वेश पंवार ने आज एक वर्चुअल बैठक आयोजित की, जिसमें यात्रा से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई और जरूरी निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान एसपी चमोली ने बताया कि हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर कुछ स्थानों पर अब भी बर्फ जमी है। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर बर्फ हटाने के निर्देश दिए, ताकि तीर्थयात्रियों की आवाजाही में कोई बाधा न आए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई, जिसमें यात्रा मार्ग पर तैनात किए जाने वाले पुलिस बल की संख्या और ड्यूटी व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई।
थानाध्यक्ष गोविन्दघाट को निर्देशित किया गया कि यात्रा ड्यूटी हेतु आने वाले पुलिसकर्मियों के लिए समय पर आवासीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, गोविन्दघाट और घांघरिया क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन जल्द से जल्द पूरा करने को कहा गया, जिससे असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
संचार व्यवस्था को लेकर भी खास निर्देश दिए गए। रेडियो निरीक्षक को वायरलैस सेट्स की कनेक्टिविटी दुरुस्त करने और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आपातकालीन स्थिति में तत्काल संवाद स्थापित किया जा सके।
चमोली पुलिस श्री हेमकुंड साहिब यात्रा को सफल, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। इस बैठक में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग अमित सैनी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

