मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर छात्राओं के लिए जागरूकता सत्र, भ्रांतियों को दूर कर आत्मविश्वास बढ़ाने पर जोर
देहरादून।मानव भारती इंटरनेशनल स्कूल, देहरादून में SNEEHA सोसायटी एवं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय मासिक धर्म स्वच्छता दिवस (28 मई) की पूर्व संध्या पर कक्षा 6 से 8 की छात्राओं के लिए एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।
इस सत्र का उद्देश्य किशोर छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़ी सही जानकारी, स्वच्छता के महत्व और स्वस्थ आदतों के बारे में जागरूक करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत SNEEHA सोसाइटी की अध्यक्ष डॉ. शक्तिबाला दत्ता द्वारा की गई, जिन्होंने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान अपनाई जाने वाली स्वच्छता आदतों — जैसे सैनिटरी नैपकिन का सही उपयोग, संक्रमण से बचाव और मानसिक रूप से तैयार रहने — पर सरल और प्रभावी तरीके से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक और जैविक प्रक्रिया है, जिससे घबराने की नहीं, समझने की जरूरत है।
इसके पश्चात एक एनिमेटेड फिल्म के माध्यम से छात्राओं को मासिक धर्म संबंधी जानकारी दी गई। इसके बाद डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर सरोज ध्यानी व जेंडर विशेषज्ञ निशु पांडे ने केंद्र व राज्य सरकार की छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी देकर छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का अंतिम सत्र सुप्रिया चंद, जेंडर विशेषज्ञ द्वारा लिया गया, जिसमें छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान पौष्टिक आहार की महत्ता एक गतिविधि के माध्यम से बताई गई। इसके साथ ही हेल्पलाइन नंबर 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 181 (राष्ट्रीय महिला हेल्पलाइन) जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी भी दी गई, जिससे छात्राएं आपात स्थिति में सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम ने मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को तोड़ते हुए छात्राओं में आत्मविश्वास और जागरूकता को बढ़ावा दिया।

