दून विश्वविद्यालय की शोधार्थी आयुषी पंडवाल का अमेटी यूनिवर्सिटी नोएडा में असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयन, चमोली समेत पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर
देहरादून। दून विश्वविद्यालय ने एक और उपलब्धि हासिल कर राज्य का मान बढ़ाया है। विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की पीएचडी शोधार्थी आयुषी पंडवाल, सुपुत्री श्री हरीश पंडवाल, का चयन अमेटी यूनिवर्सिटी नोएडा के साइकोलॉजी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर हुआ है। इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में, बल्कि पूरे चमोली जिले और विश्वविद्यालय में हर्ष का माहौल है।
उत्तराखंड के पांडुकेश्वर, बद्रीनाथ, जिला चमोली की मूल निवासी आयुषी एक मेधावी शोधार्थी रही हैं। दून विश्वविद्यालय में अध्ययन के दौरान उन्होंने जेआरएफ, नेट, गेट और यू-सेट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की।
दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सुरेखा डंगवाल ने आयुषी को बधाई देते हुए कहा, “हमारा प्रयास है कि हर विद्यार्थी सफलता अर्जित करे और इसी उद्देश्य के तहत हम विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट शिक्षण एवं शोध वातावरण के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग में छात्रों को उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नियमित रूप से निःशुल्क विशेष कक्षाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। आगामी जून 2025 में प्रस्तावित यूजीसी-नेट परीक्षा के लिए भी विशेष कक्षाएं जारी हैं, जो अवकाश के दौरान भी संचालित की जाएंगी।
कुलपति ने बताया कि आयुषी के पिता आईटीबीपी में सेवारत हैं और माँ शिक्षिका हैं। उनकी इस सफलता से राज्य के ग्रामीण युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
मनोविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश भट्ट ने भी आयुषी को बधाई दी। उन्होंने बताया कि विभाग के सभी पीएचडी शोधार्थी यूजीसी-नेट क्वालिफाइड हैं। उन्होंने कहा, “हाल ही में शोधार्थी दीपक कुमार का चयन एम्स की एक शोध परियोजना में हुआ है, और अब आयुषी पंडवाल का असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयन होना विभाग के लिए गर्व की बात है।” उन्होंने आगे कहा कि विभाग की शैक्षणिक गुणवत्ता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ग्रेजुएशन लेवल पर भी छात्रों ने GATE जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है।
आयुषी की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार और विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है, बल्कि उत्तराखंड राज्य के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं के लिए भी यह एक प्रेरणा है।
