मुख्यमंत्री धामी ने किया गजा घण्टाकर्ण महोत्सव का उद्घाटन, विकास कार्यों की दी सौगात

मुख्यमंत्री धामी ने किया गजा घण्टाकर्ण महोत्सव का उद्घाटन, विकास कार्यों की दी सौगात
Spread the love

टिहरी।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गजा, टिहरी में आयोजित *प्रथम गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2025 का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने गजा स्थित घण्टाकर्ण मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की और राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सभी को महोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे महोत्सव हमारी समृद्ध संस्कृति और परम्पराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गजा घण्टाकर्ण मंदिर पौराणिक महत्व का स्थल है, जहां बद्रीनाथ के बाद दूसरी परिक्रमा होती है और यहां से हरिद्वार और हिमालय के दर्शन होते हैं। उन्होंने कहा कि महोत्सव के आयोजन से यहां विकास की एक नई नींव रखी जा रही है, जो स्थानीय संस्कृति और परंपरा को सहेजने का सराहनीय प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि गजा में लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से पॉलीटेक्निक, 24 करोड़ रुपये की लागत से हेंवलघाटी पम्पिंग पेयजल योजना, नगर पंचायत कार्यालय, गौशाला और विश्राम गृह का कार्य किया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना और हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड के तहत उत्पादन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास से जुड़ी बहनों द्वारा बनाए गए उत्पाद विदेशी कंपनियों को भी टक्कर दे रहे हैं।

महोत्सव के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, लोकगीत-लोकनृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और झांकियां प्रस्तुत की गईं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के माता-पिता और आयोजकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पहनावे को आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय मेधावी बच्चों को सम्मानित किया, जिनका चयन एमबीबीएस, आईआईटी, एनआईटी और भारतीय नौसेना में हुआ है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शहीद विक्रम सिंह नेगी के गांव की सड़क का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा।

कार्यक्रम में वन, तकनीकी शिक्षा, भाषा एवं निर्वाचन मंत्री सुबोध उनियाल, जिलाध्यक्ष भाजपा उदय रावत, ब्लॉक प्रमुख प्रशासक, नरेन्द्रनगर राजेन्द्र भंडारी, चंबा शिवानी बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष चंबा शोभनी धनोला, नगर पंचायत अध्यक्ष गजा कुंवर सिंह चौहान, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, लोक गायक प्रीतम भरतवाण सहित अन्य गणमान्य लोग, अधिकारी और क्षेत्रीय जनता उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles