मुख्यमंत्री ने साउथ एशियन कराटे चैम्पियनशिप के पदक विजेता उत्तराखण्ड के खिलाड़ियों को किया सम्मानित

नई दिल्ली।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तराखण्ड निवास, नई दिल्ली में “नवीं साउथ एशियन कराटे चैम्पियनशिप” में शानदार प्रदर्शन करने वाले उत्तराखण्ड के होनहार खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। कोलंबो, श्रीलंका में 2 से 6 जुलाई तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत ने कुल 59 पदक (23 स्वर्ण, 24 रजत, 12 कांस्य) जीतकर पहला स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि में उत्तराखण्ड के तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भी अहम योगदान दिया।
देहरादून में 12 से 15 जून तक आयोजित राष्ट्रीय कराटे चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इन तीन खिलाड़ियों का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ था।
चंपावत की अनामिका बिष्ट ने कैडेट वर्ग में रजत पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया। वहीं डोईवाला, देहरादून की मैत्री बलूनी ने अंडर-21 कुमीते में कांस्य पदक प्राप्त किया और देहरादून के क्रियांश कौशिक ने अंडर-12 कुमीते में कांस्य पदक जीतकर सबका दिल जीत लिया।
मुख्यमंत्री धामी ने खिलाड़ियों को उनकी मेहनत और सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि ये युवा भविष्य में भी प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंचों पर रोशन करेंगे।

