उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई: ₹52 लाख की हेरोइन के साथ कुख्यात तस्कर गिरफ्तार

उधम सिंह नगर ।उत्तराखंड को ड्रग्स मुक्त बनाने के संकल्प के तहत चलाए जा रहे ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के अंतर्गत, राज्य की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी सफलता हासिल की है।
उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र से STF की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स ने भगवान दास कालरा (62) नामक कुख्यात नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 174.6 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹52 लाख आँकी गई है।
भगवान दास कालरा STF की निगरानी में था और लालपुर इलाके में स्मैक की तस्करी व बिक्री के लिए बदनाम था। STF की इस कार्रवाई को नशा कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
STF अधिकारियों ने बताया कि आगे की पूछताछ के आधार पर तस्कर के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है और जल्द ही अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

