सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए बैंकर्स को निर्देश, डीएलआरसी बैठक में ऋण आवंटन व जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा

सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए बैंकर्स को निर्देश, डीएलआरसी बैठक में ऋण आवंटन व जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा
Spread the love

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय पुनरीक्षण समन्वय समिति (डीएलआरसी) एवं आरसेटी सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, ऋण आवंटन, वित्तीय साक्षरता, डिजिटल बैंकिंग एवं सीडी रेशियो सहित अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने बैंकों और संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर ऋण आवेदनों का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं, वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रगति रिपोर्ट, बीपीएल लाभार्थियों के क्लेम, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और संस्थान के भवन निर्माण की स्थिति पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बैंकों को ऋण आवंटन शीघ्र स्वीकृत या अस्वीकृत करने के निर्देश देते हुए कहा कि अस्वीकृति का कारण भी स्पष्ट रूप से संबंधित विभागों को बताया जाए।

जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, पीएम रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना (सामान्य व नैनो), वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना, पीएम मुद्रा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने ऋण स्वीकृति में लंबित मामलों का जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बैंकों को ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) सुधारने तथा अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश देते हुए कहा कि बैंक ‘अनटच्ड सेक्टर’ को केंद्र में रखकर सौ प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति पर कार्य करें। कृषि, उद्योग, पर्यटन समेत अन्य विभागों की योजनाओं का भी अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।

किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि निर्धारित वार्षिक लक्ष्य के अनुरूप केसीसी बनाए जाएं और शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ दिलाया जाए। उन्होंने आरसेटी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में इच्छुक व्यक्तियों को स्वरोजगार से जुड़ी दक्षता प्रदान करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने आरसेटी की डिजिटल मैगजीन का अनावरण किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, परियोजना निदेशक विमल कुमार, आरसेटी निदेशक किशन सिंह रावत, लीड बैंक अधिकारी चतर सिंह, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे सहित विभिन्न बैंक व विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles