नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न, जलभराव, नालों की सफाई व डम्पिंग जोन चिन्हित करने पर हुआ मंथन
टिहरी। जिला मुख्यालय नई टिहरी समेत आसपास के क्षेत्रों में आपदाओं से उत्पन्न स्थितियों के समाधान को लेकर बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल एवं टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जलभराव की समस्या, नालों की सफाई, पुश्तों की जांच, कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलिशन वेस्ट (सी एंड डी वेस्ट) के निस्तारण हेतु डम्पिंग जोन चिन्हित करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात को देखते हुए इन समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जलभराव की बड़ी वजह निर्माण कार्यों के बाद बची सामग्री का यूं ही छोड़ दिया जाना है, जिससे नालियां चोक हो जाती हैं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, संवेदनशील पुश्तों की पहचान कर उनकी जांच कराने, आंतरिक सड़कों पर जल निकासी का प्लान बनाने तथा परिसंपत्तियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नालियों को खुलवाने के निर्देश भी दिए।
सी एंड डी वेस्ट के निस्तारण के लिए एडीएम की अध्यक्षता में क्लस्टर वाइज प्रबंधन करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने लोनिवि को आंतरिक सड़कों को अपने नियंत्रण में लेने के लिए कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि आंचल डेरी के ऊपर आपदा से आया मलबा साफ कर दिया गया है।
विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि नई टिहरी शहर में जलभराव की समस्या को प्राथमिकता पर निस्तारित किया जाए। उन्होंने जल निकासी की व्यवस्था सुधारने, परिसंपत्तियों का रखरखाव सुनिश्चित करने, एनएच के चोक प्वाइंट्स को खुलवाने तथा नालियों की सफाई जल्द कराने को कहा। साथ ही, नई टिहरी को सुनियोजित शहर बनाने के लिए शीघ्र पुनः बैठक बुलाने का सुझाव भी दिया।
नगरपालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि शहर में नई नालियों का निर्माण, पेयजल पाइप लाइन व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा संसाधनों की कमी के चलते जेसीबी व वाहनों की व्यवस्था जरूरत पड़ने पर अन्य विभागों से कराने की जरूरत है। उन्होंने आंतरिक सड़कों को संबंधित विभाग को हैंडओवर करने की मांग भी रखी।
अधिशासी अभियंता लोनिवि ने बताया कि जेसीबी व अन्य संसाधनों के लिए टेंडर किया गया है और आवश्यकता होने पर व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, आंतरिक सड़कों के हॉटमिक्स के संशोधन प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। नगरपालिका अध्यक्ष ने डम्पिंग जोन के लिए ढुंगीधार क्षेत्र को चिन्हित करने की जानकारी दी, जिस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम को संबंधित विभागों के साथ संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम ए.के. सिंह, एसडीएम संदीप कुमार, ईई लोनिवि योगेश कुमार, मंडल अध्यक्ष विजय कठैत, टीएचडीसी, जल संस्थान, नगरपालिका के अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

