समय पर इलाज और बेहतर सुविधाओं से बची महिला की जान, कुसुम भट्ट ने जिला अस्पताल प्रशासन का जताया आभार

रुद्रप्रयाग जिले के सुमाड़ी भरदार की रहने वाली 53 वर्षीय कुसुम भट्ट की तबीयत स्थानीय पोस्ट ऑफिस में अचानक बिगड़ गई। गंभीर स्थिति में उन्होंने तुरंत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राम प्रकाश से संपर्क किया। सीएमओ ने तत्परता दिखाते हुए चिकित्सकीय टीम को सक्रिय किया और कुसुम भट्ट को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मनीष की देखरेख में जांच के दौरान पता चला कि महिला को रक्त की भारी कमी है और किडनी से जुड़ी समस्या भी है। डॉक्टरों ने त्वरित निर्णय लेते हुए उन्हें दो यूनिट रक्त चढ़ाया और अन्य प्राथमिक उपचार शुरू किए। इलाज पूरी तरह निःशुल्क रहा और अब उनकी स्थिति सामान्य है।
कुसुम भट्ट ने इलाज के बाद स्वस्थ होकर जिला अस्पताल के चिकित्सकों, स्टाफ और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “अब ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी विश्वास के साथ यहां इलाज के लिए आ सकते हैं।”
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मनीष ने बताया कि अस्पताल में सभी जांचें और उपचार नि:शुल्क उपलब्ध कराए गए और मरीज की स्थिति अब पूरी तरह स्थिर है।

